अलवर , अक्टूबर 13 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने खेतों में लगे कुओं की मोटरों की विद्युत केबल चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विद्युत के तार भी बरामद किये हैं। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी और चोरी का माल खरीदने वाला एक आरोपी शामिल है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि चोरों की तलाश के लिये थानाधिकारी रविंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष दल गठित किया गया। दल ने लगातार प्रयास करते हुए विद्युत केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए रितु उर्फ पिंटू (28), प्रवीण उर्फ गुरु (24) गौतम उर्फ छोटिया (20) को गिरफ्तार किया। नवलपुरा निवासी देशराज (50) को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई विद्युत के तार बरामद कर लिये हैं।
पुलिस के अनुसार, आठ अक्टूबर की रात बहरोड़ क्षेत्र में झासला होटल के पीछे स्थित खेतों से पंप मोटर की विद्युत तार चोरी कर लिये गये थे। इस संबंध में परिवादी रामबीर सिंह ने 10 अक्टूबर को मामला दर्ज कराया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित