बारां , मई 26 -- राजस्थान के बारां में स्थानीय खेडिया स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित सप्त दिवसीय श्रीराममारुति महायज्ञ एवं श्रीरामकथा का समापन मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
आयोजन के अंतिम दिन तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं के मंदिर परिसर में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। इक्कीस कुण्डीय महायज्ञ की पूर्णाहुति मुख्य यजमान संतोष गौतम (लालसोट) ने परिवार सहित वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न कराई। इस दौरान देव एवं विप्र पूजन करके सुख- समृद्धि और लोककल्याण की कामना की गयी।
व्यासपीठ से कथा व्यास श्याम जी महाराज ने श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों का भावपूर्ण वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को मर्यादित, संस्कारित एवं आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा दी। यज्ञाचार्य श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर सर्वेश्वरदास त्यागी जी महाराज ने "सर्वे भवन्तु सुखिनः" के मंत्र के साथ उपस्थित श्रद्धालुओं को उज्ज्वल भविष्य और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान किया।
आयोजन में नौ वर्षीय बाल संत चंद्रमौलेश्वर सहित कई संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे धार्मिक आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। मार्गदर्शन मंडल के सदस्य आचार्य परमानंद ने कलश यात्रा से लेकर समापन तक मातृशक्ति, आयोजन समिति एवं व्यवस्था में जुटे कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह में अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने व्यास पूजा करके संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन समिति के अध्यक्ष बाबूलाल ने विधायक भाया का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया। इस अवसर पर विधायक भाया ने मंदिर परिसर में सामुदायिक भवन एवं गौशाला निर्माण के लिए विशेष अनुदान देने की घोषणा भी की।
महायज्ञ के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत दोगुनी रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित