मोहाली , अगस्त 17 -- पंजाब के मोहाली मे खेडां वतन पंजाब दियां-2026' के चौथे वर्ष के मशाल मार्च का 18 अगस्त को मोहाली पहुंचने पर भव्य स्वागत किया जाएगा। मशाल मार्च सुबह नौ बजे चुन्नी कलां से जिले में प्रवेश करेगा। इसके बाद लांडरां, सीजीसी चंडीगढ़ और सेक्टर-78/79 की लाइटों से होते हुए जिला खेल परिसर, सेक्टर-78, मोहाली पहुंचेगा। सेक्टर-78/79 की लाइटों से मशाल मार्च को पैदल यात्रा के माध्यम से खेल परिसर तक लाया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा ने बताया कि मशाल मार्च के स्वागत के लिए सुबह 11 बजे जिला खेल परिसर, सेक्टर-78 में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में सांसद मलविंदर सिंह कंग, स्थानीय विधायक कुलवंत सिंह, उपायुक्त कोमल मित्तल, पंजाब जल आपूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सन्नी सिंह आहलूवालिया, पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन परमिंदर सिंह गोल्डी, नगर निगम मोहाली के मेयर सरबजीत सिंह समाना और 2016 जूनियर विश्व कप हॉकी विजेता टीम के कप्तान हरजीत सिंह सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि मशाल मार्च का उद्देश्य पंजाब के लोगों, विशेषकर युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और जागरूकता पैदा करना तथा खेल संस्कृति को मजबूत करना है। मशाल मार्च में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और आम लोग उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
जिला खेल अधिकारी ने खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों, युवाओं और आम लोगों से मशाल मार्च के स्वागत समारोह में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों को लोगों की सक्रिय भागीदारी से और मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित