बैतूल , जून 20 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में खेड़ी बैरियर चौक के पास शुक्रवार देर रात एक किसान से 60 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लूटे जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम चिचढाना निवासी किसान भीमराव उइके अपने साथी सुमरत के साथ कल देर रात बैतूल से खाद का टोकन बनवाकर मोटरसाइकिल से गांव लौट रहे थे। रात करीब एक बजे जब वे खेड़ी बैरियर चौक स्थित शराब दुकान के पास पहुंचे, तभी तीन अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। पीड़ित किसान के अनुसार आरोपियों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और फिर उनसे 60 हजार रुपये नकद तथा मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दोनों पीड़ित तत्काल खेड़ी पुलिस चौकी पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
इधर, घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खेड़ी-सावलीगढ़ क्षेत्र में करंजी नदी पुल के नीचे तथा फोरलेन के आसपास देर रात तक शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। बैरियर चौक और शराब दुकान के आसपास भी संदिग्ध गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
खेड़ी-सावलीगढ़ चौकी प्रभारी राकेश सरियाम ने बताया कि किसान भीमराव उइके की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित