चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को 'खेड़ां वतन पंजाब दियां-2026' की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को खेल महाकुंभ के सुचारू और पुख्ता आयोजन के निर्देश दिये।
चौथे सीजन का शुभारंभ पांच सितंबर को बठिंडा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष करीब 10 लाख खिलाड़ी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। राज्य के सभी 153 ब्लॉकों और 23 जिलों में विभिन्न स्तरों पर मुकाबले होंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 16 जिलों में आयोजित की जाएंगी और खेलों का समापन 29 नवंबर को पटियाला में होगा।
श्री मान ने कहा कि इस बार 38 खेलों और चार पैरा-स्पोर्ट्स को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। पैरा-स्पोर्ट्स में एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल शामिल हैं। खिलाड़ियों की भागीदारी के लिए 14 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु तक के नौ आयु वर्ग बनाये गये हैं। उन्होंने कहा कि 'खेड़ां वतन पंजाब दियां' गांवों, कस्बों और शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। पिछले आयोजनों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियों-दादा, पिता और पोते-ने भी प्रतियोगिताओं में भाग लिया था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहली बार खिलाड़ियों के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की गयी है। पंजीकरण पूरी तरह नि:शुल्क है और खिलाड़ी पंजाब स्पोर्ट्स पोर्टल के माध्यम से कहीं से भी अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। इस प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार लड़कों और लड़कियों के लिए टेनिस बॉल क्रिकेट को प्रदर्शन खेल के रूप में शामिल किया गया है, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
श्री मान ने कहा कि राज्य स्तरीय पदक विजेताओं को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। स्वर्ण पदक विजेता को 10 हजार रुपये, रजत पदक विजेता को 7 हजार रुपये और कांस्य पदक विजेता को पांच हजार रुपये दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा और प्रतियोगिताओं के बेहतर संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जायें। उन्होंने पंजाब के युवाओं और खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की।
बैठक में मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, खेल सचिव वरुण रूजम, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव पुनीत गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित