बागपत , मई 27 -- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में खेकड़ा नगरपालिका परिषद की बोर्ड बैठक बुधवार को चेयरपर्सन नीलम धामा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें नगर विकास से जुड़े लगभग तीन करोड़ रुपये के विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी प्रदान की गई।

बैठक में नगरपालिका बोर्ड के तीन वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए नगर में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। इस दौरान बताया गया कि बीते वर्षों में नगर में अनेक सीसी मार्गों का निर्माण कराया गया है तथा नालों की दीवारों के साथ पटरी मार्ग विकसित किए जा रहे हैं। हाईमास्ट और हाईमैक्स लाइटों के माध्यम से नगर की प्रकाश व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है।

बैठक में जैन कॉलेज मार्ग पर लगाए गए लैम्प पोस्ट और पाठशाला मार्ग पर स्थापित तिरंगी लाइटों की सराहना की गई। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों से संबंधित विकास प्रस्ताव प्रस्तुत किए तथा सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर बल दिया।

नगरपालिका बोर्ड ने सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट, सफाई व्यवस्था और अन्य जनहित कार्यों से संबंधित करीब तीन करोड़ रुपये के प्रस्ताव पारित किए। भूमिया मंदिर से काठा-बंदपुर मार्ग होते हुए रावण दहन स्थल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिजली दफ्तर और गोगा शिव मंदिर से शांतिवन तक बन रहे सीसी मार्ग के निर्माण कार्यों की प्रगति पर भी संतोष व्यक्त किया गया। वहीं मंदिर परिसर में प्रस्तावित सत्संग भवन निर्माण योजना का भी स्वागत किया गया।

बैठक में प्रतिनिधि सुनील धामा, अधिशासी अधिकारी हरिलाल पटेल, वरिष्ठ लिपिक नीरज शर्मा, अवर अभियंता विजेता श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में सभासद एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित