नयी दिल्ली , मार्च 26 -- आईपीएल 2025 के ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद पृथ्वी शॉ एक बार फिर अपनी पुरानी टीम दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के साथ जुड़ गए हैं। साल 2023 और 2024 के सीजन शॉ के लिए कुछ ख़ास नहीं रहे थे, जहां 16 पारियों में उनके बल्ले से महज 304 रन ही निकले। हालांकि आईपीएल 2026 के आग़ाज़ से पहले शॉ का मानना है कि इस छोटे से ब्रेक ने उन्हें मानसिक रूप से काफ़ी मजबूत और तरोताज़ा कर दिया है।
शॉ ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, "मैंने इस दौरान अपनी ज़िंदगी को खुलकर जिया और कुछ जगहों पर घूमकर अपने दिमाग़ को शांत किया। वापसी के बाद मैंने अपने पुराने रूटीन पर तीन गुना ज़्यादा मेहनत शुरू कर दी है, चाहे वह ट्रेनिंग हो या बल्लेबाज़ी। मेरे लिए यह ब्रेक बहुत जरूरी था। मैं इसे पीछे हटना नहीं कहूंगा, बल्कि इसने मुझे दिमाग़ी तौर पर और भी ताकतवर बनाया है।"बता दें कि आईपीएल 2024 के बीच में ही डीसी ने उन्हें प्लेइंग XI से बाहर कर दिया था। इसके बाद 2024-25 के घरेलू सीज़न में भी उन्हें मुंबई की टीम से ड्रॉप होना पड़ा। उस समय मुंबई के उनके साथी श्रेयस अय्यर ने साफ़ कहा था कि शॉ को "अपनी वर्क एथिक्स (कार्यशैली) पर ध्यान देने की ज़रूरत है"। इन तमाम उतार-चढ़ाव के बाद शॉ ने मुंबई का साथ छोड़ दिया और हाल ही में महाराष्ट्र की टीम से जुड़कर मैदान पर वापसी की है।
शॉ ने कहा, "मैं एक इंसान हूं, मुझसे गलतियां होंगी। जो कुछ लिखा या कहा जाता है, लोग उसका सिर्फ़ आधा ही जानते हैं। मेरा परिवार मुझे जानता है. मेरे दोस्त मुझे पूरी तरह जानते हैं। सोशल मीडिया या अख़बारों में जब भी मेरे बारे में अच्छी या बुरी बातें आती थीं, तब उन्हें समझने के लिए मैं बहुत छोटा था। हर बार जब आप ऐसी चीजे़ं देखते हैं, तो आप फिर उसी में उलझ जाते हैं। इसलिए मैंने उन्हें देखना ही बंद कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित