मुंबई , जून 21 -- भोजपुरी संगीत जगत की प्रमुख म्यूजिक कंपनी वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स ने नया सैड सांग 'उहे अंखिया रोवा दिहला' रिलीज किया है। दर्द और भावनाओं से भरपूर इस गीत को गायिका खुशबू तिवारी केटी ने अपनी मधुर आवाज़ में गाया है, जबकि इसके वीडियो में अभिनेत्री माही श्रीवास्तव ने प्रभावशाली अभिनय किया है।

वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी इस गीत को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। गीत एक ऐसी युवती की कहानी को प्रस्तुत करता है, जिसे प्रेम में उपेक्षा और धोखे का सामना करना पड़ता है। गाने में दर्द, बिछड़न और भावनात्मक संघर्ष को प्रभावी ढंग से चित्रित किया गया है।

वीडियो में माही श्रीवास्तव ने अपने भावपूर्ण अभिनय और चेहरे के हाव-भाव से गीत की संवेदनाओं को जीवंत बनाया है। वहीं खुशबू तिवारी केटी की दर्दभरी आवाज़ गीत की भावनात्मक गहराई को और अधिक प्रभावशाली बनाती है।

वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स प्रस्तुत इस गीत के निर्माता रत्नाकर कुमार हैं। गीत के बोल कुंदन प्रीत ने लिखे हैं, जबकि संगीत आशीष वर्मा ने दिया है। वीडियो का निर्देशन गोल्डी जायसवाल ने किया है। डीओपी गौरव राय, कोरियोग्राफर सनी सोनकर और एडिटर आलोक गुप्ता हैं। डीआई का कार्य रोहित सिंह तथा प्रोडक्शन का दायित्व पंकज सोनी ने संभाला है। इस गाने का ऑल राइट वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के पास है।

वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के प्रबंध निदेशक और फिल्म निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा कि कंपनी हमेशा भोजपुरी भाषा, संस्कृति और गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि 'उहे अंखिया रोवा दिहला' ऐसा गीत है, जो उन लोगों के दिलों को छुएगा, जिन्होंने कभी अपने जीवन में सच्चे प्रेम या किसी अपने को खोने का दर्द महसूस किया है।

अभिनेत्री माही श्रीवास्तव ने कहा कि यह गीत उनके दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के रूप में गीत में दिखाए गए दर्द और भावनाओं को पर्दे पर उतारना चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ संतोषजनक अनुभव भी रहा। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शक उनके अभिनय और गीत को भरपूर प्यार देंगे।

वहीं गायिका खुशबू तिवारी केटी ने कहा कि रत्नाकर कुमार हमेशा नए और बेहतर कंटेंट को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि गीत के बोल और संगीत बेहद भावपूर्ण हैं तथा उन्हें विश्वास है कि श्रोता इस गीत को पसंद करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित