अलवर , फरवरी 16 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को खुशखेड़ा दुखांतिका मामले में प्लॉट एवं फैक्ट्री मालिक सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।

आधिकरिक सूत्रों ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र की सभी इकाइयों की आगामी सात दिनों में व्यापक जांच के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, वैधानिक अनुमति, श्रमिक सुरक्षा मानकों एवं संचालित गतिविधियों की गहन समीक्षा की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस ने फैक्ट्री एवं प्लॉट मालिक सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है।

जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पतालों का निरीक्षण करके घायलों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की।

इस घटना में सात लोगों की मौत हो गयी जबकि चार घायल हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित