छिंदवाड़ा , सितंबर 16 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव क्षेत्र के सुआम गांव में निर्माण कार्य के दौरान खुले पड़े गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय बच्ची खुशीता की मौत के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने मंगलवार को घटना की समीक्षा करते हुए संबंधित उपयंत्री को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा सुआम से दोबरीढाना मार्ग पर निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने घटना के दौरान निर्माण स्थल पर सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने यह भी समीक्षा की कि निर्माण कार्य के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन कराया गया था या नहीं। खुले गड्ढे के आसपास सुरक्षा घेरा, चेतावनी संकेत और अन्य जरूरी इंतजाम नहीं होने को लेकर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।

घटना सात सितंबर की है। सुआम गांव में दो वर्षीय खुशीता घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह निर्माण कार्य के लिए खोदे गए खुले गड्ढे में गिर गई। बच्ची के दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव निर्माण कार्य के लिए खोदे गए गड्ढे में मिला।

बच्ची की मौत की जानकारी मिलने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भी निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। समीक्षा के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित उपयंत्री के निलंबन के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण कार्य करा रहे ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित