छिंदवाड़ा , सितंबर 09 -- मध्यप्रदेश में छिंदवाड़ा जिले के सुआम गांव में घर के पास खेलते समय खुले गड्ढे में गिरने से दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के लापता होने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद उसका शव गांव में खुले पड़े गड्ढे में मिला।
परिजनों ने बच्ची को गड्ढे से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतका के भाई सुरेश के अनुसार खुशीता खेलते हुए घर से बाहर निकली थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बच्ची खुले गड्ढे में मिली।
घटना के बाद परिजनों ने खुले गड्ढे को लेकर जिम्मेदारों के प्रति नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि गड्ढे को सुरक्षित किया गया होता तो हादसा टाला जा सकता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और खुले गड्ढे को लेकर आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित