सागर , जुलाई 28 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में आबकारी विभाग ने बीना और खुरई क्षेत्र में अवैध हाथभट्टी शराब के निर्माण एवं विक्रय के विरुद्ध संयुक्त कार्रवाई करते हुए लगभग 1.98 लाख रुपये मूल्य की कच्ची शराब और लाहन जब्त किया है। इस संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत 10 प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
आबकारी विभाग के अनुसार आबकारी कंट्रोलर एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती पूजा चंद्रन के नेतृत्व में जिले तथा संभागीय उड़नदस्ता के संयुक्त दल ने यह कार्रवाई की। खुरई वृत्त प्रभारी मृत्युंजय ठाकुर और बीना वृत्त प्रभारी श्रीमती रोशनी उरेती के नेतृत्व में ग्राम सदरपुर, बसारी तथा बीना के आगासौर के टांडा क्षेत्र में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान 1,865 किलोग्राम लाहन तथा 58 बल्क लीटर हाथभट्टी कच्ची शराब बरामद की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1,98,100 रुपये बताया गया है।
आबकारी विभाग ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(ए) एवं 34(1)(एफ) के तहत 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र मार्को, अपर्णा विश्वकर्मा, एस.पी. साकेत, मदन यादव सहित मुख्य आरक्षक विजया, संगीता, प्रदीप तथा आरक्षक दिलीप, संध्या और पुष्पा शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित