बेतिया , अप्रैल 24 -- बिहार में पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया शहर के एमजेके कॉलेज के समीप शुक्रवार की सुबह बाइक सवार दो शातिर अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक मछली व्यावसायी से सोने के आभूषण ठग लिए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कालीबाग थाना क्षेत्र के संत टेरेसा रोड निवासी मछली व्यावसायी अजय कुमार गुप्ता सुबह करीब नौ बजे स्कूटी से लौट रहे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। दोनों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए इलाके में चेन छीना-झपटी और हत्या की घटना होने की बात कहकर जांच के नाम पर उनके गले की दो सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली।

अपराधियों ने आभूषण को कागज में रखकर पॉलिथीन में बांधने के दौरान शातिराना अंदाज में उसे बदल दिया और उसकी जगह पत्थर के छोटे-छोटे टुकड़े रख दिए। इसके बाद पॉलिथीन पीड़ित को वापस देकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घर पहुंचने पर जब पीड़ित ने पॉलिथीन खोली तो उसमें आभूषण की जगह पत्थर के टुकड़े देख वह सन्न रह गया। इसके बाद उसने नगर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित