पटना , सितंबर 28 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उर्वरक कंपनियों को निर्धारित खुदरा बिक्री केंद्रों तक समय पर उर्वरक पहुंचाने का निर्देश देते हुए कहा कि आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कृषि मंत्री ने उर्वरक के साथ अन्य उत्पाद खरीदने के लिए किसानों पर दबाव बनाने की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

श्री सिन्हा ने आज कृषि विभाग के पदाधिकारियों और उर्वरक कंपनियों को किसानों तक उर्वरक की निर्बाध एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंपनियां निर्धारित व्यवस्था के तहत उर्वरक को थोक एवं खुदरा विक्रेताओं तक समय पर पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएं। जिला कृषि पदाधिकारी इसकी नियमित निगरानी करेंगे और लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।

कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि उर्वरक के साथ किसी अन्य उत्पाद की अनिवार्य खरीद के लिए किसानों, थोक विक्रेताओं अथवा खुदरा विक्रेताओं पर दबाव नहीं बनाया जाए। ऐसी शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने अवैध उर्वरक भंडारण और अनधिकृत गोदामों की जांच के भी निर्देश दिए। जिला एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को अपने क्षेत्र में अवैध उर्वरक गोदाम संचालित नहीं होने संबंधी शपथ-पत्र देने को कहा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित