नयी दिल्ली , जनवरी 12 -- सब्जियों और दालों की कीमतों में एक साल पहले की तुलना में गिरावट के कारण दिसंबर 2025 में भी खुदरा मुद्रास्फीति की दर 1.33 प्रतिशत पर नरम बनी रही।
इससे पहले, नवंबर में यह 0.71 प्रतिशत और अक्टूबर में 0.25 प्रतिशत थी। वहीं, दिसंबर 2024 में यह 8.39 प्रतिशत रही थी।
फलों, दूध, मांसाहार और खाद्य तेलों की कीमतों में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि के बावजूद सब्जियों और दालों की कीमतों में सालाना आधार पर दहाई अंक की गिरावट से खाद्य मुद्रास्फीति लगातार सातवें महीने शून्य से नीचे रही। दिसंबर में यह शून्य से 2.71 प्रतिशत नीचे दर्ज की गयी। नवंबर में खाद्य मुद्रास्फीति शून्य से 3.91 प्रतिशत नीचे थी जबकि दिसंबर 2024 में 5.22 प्रतिशत ऊपर दर्ज की गयी थी।
खुदरा महंगाई पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में सितंबर में किये गये सुधारों का असर भी देखा जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित