राजनांदगांव , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ शासन की 'मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना' के तहत राजनांदगांव जिले के खुज्जी क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में आज बड़ा कदम उठाया गया है। खुज्जी स्थित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र में 53 लाख रुपये की लागत से स्थापित 3.15 एमवीए क्षमता के नए अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का सफलतापूर्वक ऊर्जीकरण कर दिया गया है।

इस ट्रांसफार्मर के शुरू होने से क्षेत्र के 62 गांवों के लगभग 13,471 कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इससे लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलेगी।

कार्यपालक निदेशक शिरीष सेलट ने बताया कि यह कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। नए ट्रांसफार्मर के जुड़ने से खुज्जी उपकेन्द्र की कुल क्षमता 8.15एमवीए से बढ़कर 11.30 एमवीए हो गई है।

बिजली विभाग के अनुसार, क्षेत्र में विशेषकर धान की फसल के दौरान पुराने ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने से किसानों को सिंचाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब क्षमता बढ़ने से किसानों को पंप संचालन के लिए पर्याप्त वोल्टेज मिलेगा और लोड शेडिंग व ट्रिपिंग की समस्या में भी कमी आएगी।

इस उन्नयन से न केवल कृषि कार्यों को गति मिलेगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की घरेलू बिजली व्यवस्था में भी सुधार होगा। विभागीय अधिकारियों ने इसे क्षेत्र की कृषि उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित