पटना , मई 11 -- बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर मंच, आधुनिक संसाधन और विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सुश्री सिंह ने आज यहां आयोजित आईएसपीएल बिहार टी10 लीग के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के खिलाड़ी आज देश और दुनिया में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाड़ियों को उचित अवसर प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाना है।

खेल मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2036 ओलंपिक मेजबानी के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में बिहार भी बड़े खेल आयोजनों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में ओलंपिक जैसे आयोजनों में बिहार के खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी होगी।

सुश्री सिंह ने कहा कि अब खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि सम्मान, करियर और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की तर्ज पर राज्य में अन्य आधुनिक खेल अवसंरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। साथ ही खेल परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव के लिए राज्य सरकार मेंटेनेंस पॉलिसी तैयार कर रही है।उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में खेल और खिलाड़ियों को जो सम्मान दिया, उसी परंपरा को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है तथा खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित