पौड़ी , सितंबर 12 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल के खिर्सू विकासखंड में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बन रहा आधुनिक स्टेडियम अब निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच गया है। स्टेडियम के अस्तित्व में आने से क्षेत्र के युवाओं, स्थानीय खिलाड़ियों और सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर एवं व्यवस्थित खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
शनिवार को जिला सूचना विभाग से मिली जानकारी के अनुसार खिर्सू का मैदान लंबे समय से आसपास के गांवों के युवाओं के लिए खेल गतिविधियों के साथ सेना भर्ती की तैयारी का प्रमुख केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में युवा यहां दौड़ और शारीरिक अभ्यास के लिए पहुंचते हैं। आधुनिक स्टेडियम तैयार होने के बाद दौड़, बीम, लंबी कूद समेत विभिन्न शारीरिक अभ्यासों के लिए सुविधाएं विकसित होंगी। इससे सेना भर्ती और अन्य शारीरिक दक्षता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
स्टेडियम तैयार होने के बाद खिर्सू में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय खिलाड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास कर सकेंगे, जबकि जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी क्षेत्र में बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलने के साथ युवाओं को नियमित खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलेगी।
प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। खिर्सू का आधुनिक स्टेडियम इसी कड़ी का हिस्सा है। स्टेडियम बनने के बाद युवाओं को अभ्यास के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की जरूरत कम होगी और स्थानीय स्तर पर ही उन्हें बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित