पटना , मई 12 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल ने मंगलवार को कहा कि खाड़ी युद्ध से उत्पन्न पेट्रोलियम संकट के बाबजूद भारत की आर्थिक स्थिरता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व का प्रमाण है।

श्री पटेल ने कहा कि इस वैश्विक संकट के समय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि देशहित और जनहित उसके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि ईरान-इजरायल युद्ध तथा खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल एवं पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार अस्थिरता और दबाव की स्थिति बनी हुई है। इसके बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल एवं अन्य आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को नियंत्रित रखते हुए आम जनता पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ने देना, केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीति, मजबूत आर्थिक प्रबंधन और जनकल्याण के प्रति संवेदनशीलता का प्रमाण है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज पूरी दुनिया तेल और गैस के संकट से प्रभावित है और कई देशों में ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर आम लोगों की दैनिक जिंदगी, परिवहन, खेती, उद्योग तथा महंगाई पर पड़ा है, लेकिन भारत में श्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम उठाकर देश की अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट रही है कि वैश्विक संकट का बोझ देश की गरीब, मध्यम वर्गीय एवं मेहनतकश जनता पर नहीं पड़ना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित