चंडीगढ़ , अगस्त 03 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और प्रधानाचार्यों के हजारों खाली पदों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल स्कूलों की इमारतों को रंगने से शिक्षा का स्तर नहीं सुधरेगा, बल्कि योग्य शिक्षकों की नियुक्ति से ही वास्तविक बदलाव आएगा।
श्री ढिल्लों ने सोमवार को कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान शिक्षा मंत्री द्वारा सदन में प्रस्तुत आंकड़ों ने सरकार के 'शिक्षा क्रांति' के दावों की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि सरकार के अपने आंकड़ों के अनुसार शिक्षा विभाग में 31,370 पद खाली हैं, जिनमें 20,378 मास्टर कैडर और 3,733 लेक्चरर कैडर के पद शामिल हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इससे भी अधिक चिंताजनक स्थिति यह है कि पंजाब के 1,927 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में से 1,113 स्कूल बिना प्रधानाचार्य के संचालित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब स्कूलों में शिक्षक और प्रधानाचार्य ही नहीं होंगे, तब शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के दावे केवल दिखावा बनकर रह जाते हैं।
श्री ढिल्लों ने कहा कि आप सरकार पहले से बनी स्कूल इमारतों की रंगाई-पुताई कर और प्रचार के माध्यम से 'शिक्षा क्रांति' का दावा कर रही है, जबकि वास्तविक जरूरत शिक्षकों की नियुक्ति और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के हजारों पद खाली होने के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उनका आरोप था कि सरकार रिक्त पद भरने के बजाय प्रचार पर अधिक ध्यान दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित