श्री गंगानगर , अप्रैल 15 -- खालसा पंथ की स्थापना और बैसाखी के पावन अवसर पर राजस्थान में श्रीगंगानगर की विनोबा बस्ती स्थित गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में मंगलवार शाम से देर रात तक दीवान सजाया गया।
गुरुद्वारा प्रधान हरजीत सिंह जौली ने बुधवार को बताया इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु की वाणी काश्रवण किया। इस मौके पर हाल ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में चयनित श्रीगंगानगर निवासी प्रिंस सिंह सेठी के साथ ही मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सरदार अरविन्दर सिंह काे गुरुद्वारा प्रबंधक समिति सहित शहर की कई संस्थाओं ने सम्मानित किया। इनके अलावा अन्य गणमान्य लोगों काे सरोपा भेंट करके सम्मानित किया गया।
श्री जौली ने बताया कि इस अवसर पर शहर के सभी गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों, विद्यालयों के बच्चों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, ताकि वे गुरबानी के संदेश से जुड़कर अपने जीवन में सकारात्मक मूल्यों को अपनायें।
इससे पहले गुरुद्वारा साहिब में खालसा साजना दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कीर्तन दीवान सजाया गया जिसमें अबोहर से हजूरी रागी जत्था भाई निरपालसिंह ने गुरबानी कीर्तन के माध्यम से संगत को गुरु चरणों से जोड़ते हुए नाम सिमरन का सन्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित