पटना , जून 06 -- हत्या के प्रयास एवं शस्त्रों के अवैध इस्तेमाल के मामले में जेल में बंद खान सर के दो सुरक्षा कर्मियों की नियमित जमानत याचिका शनिवार को यहां की एक अदालत में दाखिल की गई जिसकी सुनवाई सोमवार को होगी ।पटना सिविल कोर्ट के प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी अनुराग वर्मा की अदालत में सुरक्षा गार्ड प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की ओर से उनके वकील अरविंद कुमार मउआर ने आज नियमित जमानत याचिका दाखिल की, जिस पर सुनवाई सोमवार को होगी। खान सर उर्फ फैसल खान के वकील अरविंद कुमार मउआर ने बताया की खान सर की ओर से अग्रिम जमानत की याचिका सोमवार तक पटना के जिला जज की अदालत में दाखिल की जा सकती है।
आरोप के अनुसार खान सर के कोचिंग संस्थान के नजदीक हुई गोलीबारी के वायरल वीडियो के आधार पर कदमकुआं थाना की पुलिस ने खान सर और उनके दो सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं में एक मुकदमा दर्ज किया है, जिसकी संख्या कदम कुआं थाना कांड संख्या 418/2026 है। प्राथमिकी के आरोपो के अनुसार खान सर के कोचिंग संस्थान के नजदीक हल्ला हंगामा कर रहे लोगों पर खान सर और उनके सहकर्मियों के कहने पर उनके सुरक्षा कर्मियों ने गोली चलाई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित