पटना. , जून 05 -- राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज के मुख्य द्वार के पास पिछले 02 जून को हुई कथित फायरिंग मामले में संस्थान से जुड़े दो गार्डों की गिरफ्तारी के बाद खान सर (फैसल खान) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
इस मामले में कदमकुआं थाने में कांड संख्या- 410/26 दर्ज कर जांच जारी है।
पुलिस की यह कार्रवाई खान ग्लोबल स्टडीज परिसर से हुई फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद हुई है। इस मामले में खान सर का कहना है कि गोलीबारी सेल्फ डिफेंस में की गई थी।
पटना के मुसल्लहपुर हाट इलाके में पिछले 02 जून को हुई इस कथित फायरिंग मामले में एक अन्य कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रोशन आनंद और उनके दो सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इस गिरफ्तारी के बाद बड़ी संख्या में छात्र प्रदर्शन के लिए सडक पर उतर आये थे । इस दौरान छात्रों ने कहा कि इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के मालिक रोशन आनंद को फंसाया जा रहा है और वह पूरी तरह निर्दोष हैं। छात्रों ने कहा कि यह अफवाह गलत है कि खान सर की फीस उनके प्रतिद्वंद्वियों से कम है। उन्होंने कहा कि ज्ञान बिंदु के ज्यादातर ऑफ लाईन कोर्सेस की कीमत खान ग्लोबल के मुकाबले कम है। छात्रों ने कहा कि यह साबित होने के बाद कि फायरिंग खान सर के गार्डों ने की थी, प्रशासन को रोशन आनंद को छोड़ देना चाहिए।
छात्रों के इस प्रदर्शन के बाद नगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी एक अनुरोध में छात्रों से कहा गया है कि छात्र कोचिंग सेंटर की प्रतिस्पर्धा या बहकावे में नही आएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित