पटना , जनवरी 20 -- खान एवं भूतत्व विभाग के निदेशक मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को विभागीय समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में राज्य के सभी जिलों के खनिज विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक में राजस्व संग्रहण, बालू घाटों की नीलामी, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण तथा विभागीय कार्यों की प्रगति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।

श्री मीणा ने समीक्षा के दौरान राजस्व समाहरण लक्ष्य से पीछे चल रहे जिलों के खनिज विकास पदाधिकारियों (एमडीओ) को स्पष्टीकरण एवं उनपर प्रपत्र (क) गठित करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि कार्य विभागों में खनिजों के उपयोग से संबंधित लंबित देयों की वसूली के लिये सभी जिलों द्वारा विशेष दो-दिवसीय अभियान चलाया जाए, जिससे राजस्व संग्रहण में वृद्धि सुनिश्चित की जा सके।

इस अभियान के दौरान सभी संबंधित निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए देय रॉयल्टी एवं अन्य शुल्कों की शीघ्र वसूली के निर्देश दिए गए।

बैठक में राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित खनन गतिविधियों, खनिज घाटों की नीलामी प्रक्रिया, ई-चालान व्यवस्था तथा अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की गई।

निदेशक ने राजस्व संग्रहण में सुधार लाने, निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने तथा नियमों के कठोर अनुपालन के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित