अमेठी , अगस्त 21 -- उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने अपनी भाभी की हत्या कर दी और खुद को बचाने के लिए घटना को आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. ने शुक्रवार को बताया कि थाना जामो पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त देवा (23), निवासी पूरे दीवान मजरे पूरे चितई, थाना जामो को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी भाभी काफी समय से मायके में रह रही थी। घर में खाना बनाने वाला कोई नहीं था। काफी समझाने के बाद वह गुरुवार को घर लौटी थी। खाना बनाने और खाना देने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

आरोपी के अनुसार, विवाद के दौरान गुस्से में उसने भाभी का गला दबा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसने घर में रखी लोहे की फंटी से उसके चेहरे और सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की फंटी को घर में छिपा दिया और बाहर चला गया। कुछ समय बाद जब बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंच गए तो वह वापस आया और लोगों को बताया कि घर में चावल, दाल और अनाज नहीं होने के कारण उसकी भाभी नाराज थी और उसने खुद को चाकू मारकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार, लोगों को गुमराह करने के लिए आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू पर खून लगा दिया और उसे शव के पास रख दिया था, ताकि हत्या का शक उस पर न जाए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर में रखे बक्से से हत्या में प्रयुक्त लोहे की फंटी बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जामो में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 203/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित