मुरैना , जून 16 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के दिमनी थाना क्षेत्र में खाना परोसने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक ने कथित रूप से अपनी पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना ग्राम सहरियन का पूरा की है, जहां धर्मेंद्र जाटव और उसकी पत्नी निशा जाटव के बीच सोमवार को खाना परोसने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर धर्मेंद्र ने पत्नी के साथ मारपीट की।

बताया गया कि मारपीट से परेशान होकर निशा शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने जाने लगी। इसी दौरान धर्मेंद्र ने उसका पीछा किया और रास्ते में लोहे की रॉड से उसके सिर पर हमला कर दिया।

हमले में निशा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी की तलाश के लिए पुलिस दल गठित कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित