ग्रेटर नोएडा , जून 18 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने गुरुवार को जानकारी दी उन्होंने बताया कि गत बुधवार को दादरी थाना पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और गोपनीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहित पुत्र अनूप, निवासी ग्राम चिटहैरा, थाना दादरी,को नवीन मंडी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा बरामद किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी मोहित ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। इसी कारण उसका अपनी पत्नी कविता के साथ अक्सर विवाद और झगड़ा होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पत्नी द्वारा खाना न बनाने और न देने की बात को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद उसने गुस्से में आकर दुपट्टे से पत्नी का गला घोंट दिया। गला घोंटने से कविता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद दादरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद कर लिया है।
इस संबंध में दादरी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित