बारां , जून 17 -- राजस्थान में बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र में खरीफ सीजन की बुवाई से पहले में खाद की कमी और कथित कालाबाजारी के विरोध में किसान नेता नरेश मीणा बुधवार को धरने पर बैठ गये।

श्री मीणा के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। उन्होंने किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की। श्री मीणा ने कहा कि छबड़ा-छीपाबड़ौद क्षेत्र के किसान बुवाई की तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन वितरण केंद्रों पर खाद की कमी बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ निजी व्यापारी इस स्थिति का फायदा उठाकर निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, कालाबाजारी रोकने और दोषी व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर धरना जारी रहेगा और शाम सात बजे आंदोलन को भूख हड़ताल में बदला जा सकता है।

उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे में खाद संकट और कालाबाजारी किसानों की परेशानी बढ़ा रही है। किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित