मुरैना , अगस्त 17 -- मध्यप्रदेश के मुरैना स्थित कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण में खाद और ई-टोकन के लिए अर्धरात्रि से लाइन में लगे किसानों का सोमवार सुबह गुस्सा फूट पड़ा। सुबह 10 बजे तक कर्मचारियों के टोकन बांटने नहीं पहुंचने से नाराज किसानों ने मंडी के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
मंडी के मुख्य द्वार पर ताला लगने से फसल बेचने पहुंचे अन्य किसानों को भी वापस लौटना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने संज्ञान लेते हुए कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाने और खाद के टोकन वितरित कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश पर कृषि और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देकर मुख्य द्वार का ताला खुलवाया। इसके बाद किसानों को खाद के ई-टोकन वितरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
बताया गया है कि शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण किसान खाद के टोकन लेने के लिए रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि से ही मंडी में लाइन में लग गए थे। इसके बावजूद सुबह 10 बजे तक कोई कर्मचारी टोकन बांटने नहीं पहुंचा। लंबे समय तक भूखे-प्यासे इंतजार करने के बाद किसानों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कृषि विभाग के उप संचालक को देर से पहुंचे कर्मचारियों की जांच कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित