शिलांग , सितंबर 30 -- मेघालय सरकार और संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) ने राज्य में खाद्य सुरक्षा, पोषण और सहयोग के संबंधित क्षेत्रों में अपनी साझेदारी को और मजबूत करने के लिए बुधवार को एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

मेघालय सरकार की ओर से खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग के आयुक्त एवं सचिव प्रवीण बख्शी तथा डब्ल्यूएफपी की ओर से डब्ल्यूएफपी इंडिया की प्रतिनिधि एवं कंट्री डायरेक्टर एलिजाबेथ फॉरे ने इस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए। यह समारोह नयी दिल्ली स्थित डब्ल्यूएफपी के प्रधान कार्यालय में खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले मंत्री मैथोडियस खार की गरिमामय उपस्थिति में संपन्न हुआ।

यह नवीनीकृत समझौता मेघालय और डब्ल्यूएफपी के बीच वर्ष 2022 में शुरू हुई साझेदारी को आगे बढ़ाता है। इस रणनीतिक सहयोग के तहत अब तक खाद्य सुरक्षा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार, सप्लाई चेन, डिजिटल नवाचार, लाभार्थी सेवाओं और संस्थागत क्षमता निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कवर किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित