नयी दिल्ली , अगस्त 24 -- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को कहा कि खाद्य सुरक्षा दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है और मिलावट के खिलाफ सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है।
डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि खाद्य सुरक्षा दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है और मिलावट के खिलाफ सरकार की नीति जीरो टॉलरेंस की है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान दूध, पनीर, मिठाइयों, खाद्य तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता कर लोगों के स्वास्थ्य को खतरे में डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों, बाजारों और सप्लाई प्वाइंट की नियमित जांच, सैंपलिंग और निगरानी के लिए टीमें सक्रिय की गयी हैं। रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों को देखते हुए पनीर, दूध से बने उत्पादों, मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा।
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया कि असुरक्षित, मिलावटी या घटिया खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण और बिक्री में शामिल पाये जाने वाले व्यक्तियों, निर्माताओं, सप्लायरों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि त्योहारी सीजन और रक्षाबंधन से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। ओखला सब्जी मंडी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान विभाग की टीम ने करीब 508 किलोग्राम नकली पनीर बरामद कर मौके पर नष्ट किया। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। पिछले दो दिनों में राजधानी के अलग-अलग जिलों में खाद्य पदार्थों के 22 नमूने लिए गये हैं। इन नमूनों को विस्तृत जांच के लिए निर्धारित प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारियों और प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जायेगी। विभाग ने निरीक्षण और निगरानी के लिए सभी जिलों में विशेष टीमें तैनात की हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित