लुधियाना , नवंबर 10 -- गुरु अंगद देव पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय में जीनोम संपादन पर आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी मंगलवार को संपन्न हो गयी जिसमें खाद्य सुरक्षा और पर्यावरणीय स्थिरता के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
संगोष्ठी में भारत, कनाडा, जर्मनी और मैक्सिको सहित विभिन्न देशों के विशेषज्ञों ने कृषि, पशुधन विकास और टिकाऊ खाद्य उत्पादन में जीनोम संपादन तथा जैव प्रौद्योगिकी की नई संभावनाओं पर विचार साझा किए।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. जेपीएस गिल ने खाद्य सुरक्षा को मानव कल्याण और सतत विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर लोगों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए 'रन फॉर फूड सिक्योरिटी' का आयोजन भी किया गया। संगोष्ठी के दौरान युवा शोधकर्ताओं के लिए तीन मिनट की शोध प्रस्तुति प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें ऋषभ शुक्ला ने पहला, नवदीप कौर धीमान ने दूसरा तथा डॉ. तरनदीप कौर और पियाली दास ने तीसरा स्थान हासिल किया। आयोजकों ने संगोष्ठी को वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों और युवा शोधकर्ताओं के बीच संवाद तथा वैश्विक अनुसंधान सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित