गौतमबुद्धनगर , फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के 10 नमूने संग्रहित किए और जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बुधवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और सैय्यद इबादुल्लाह की टीम ने ग्रेटर नोएडा रेलवे रोड दादरी पर तड़के चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक वाहन में लगभग एक सौ पचास किलो पनीर बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था, जो प्रथम दृष्टया मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त और अस्वच्छ पाया गया। टीम ने पनीर का एक नमूना लेकर शेष पनीर को मौके पर नष्ट करा दिया।
इसी टीम ने ग्रेटर नोएडा स्थित साइट-5 यूपीएसआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित वर्सेटाइल फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम से स्किम्ड मिल्क पाउडर का एक नमूना लिया। वहीं कासना बस अड्डा गर्भरा रोड स्थित आस मोहम्मद चिकन बिरयानी और इकबाल चिकन बिरयानी से भी एक-एक नमूना जांच के लिए भरा गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार, विजय बहादुर पटेल और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग की। यहां एक इको गाड़ी से खोया दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था, जिससे एक नमूना लिया गया। वहीं दूसरी इको गाड़ी से दूध सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था, उसका भी एक नमूना संग्रहित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित