गौतम बुद्ध नगर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद भर में छापेमारी अभियान चलाते हुए 650 किला संदिग्ध पनीर नष्ट कर चार नमूने जांच को भेजे है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने शनिवार को जानकारी दी कि 26/27 फरवरी की देर रात यमुना एक्सप्रेस-वे के जेवर टोल प्लाजा पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने पुलिस के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। टीम ने आगरा के पूठपुरा उजावली फतेहाबाद स्थित होरी लाल डेयरी से नई दिल्ली के पहाड़गंज स्थित शुद्ध गढ़वाल डेयरी को सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे एक वाहन को रोककर जांच की।

जांच के दौरान पनीर का स्वाद कसैला पाया गया और प्रथम दृष्टया मिलावटी व अस्वास्थ्यकर दशा में भंडारित होने की आशंका पर उसका नमूना लिया गया। साथ ही लगभग 650 किलोग्राम पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

इसके अतिरिक्त खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र नाथ वर्मा और एस.के. पांडेय की टीम ने टप्पल रोड, जेवर स्थित गणपत ट्रेडर्स से सरसों के तेल का एक नमूना लिया। वहीं गिझोड़ सेक्टर-53 स्थित बीकेएस ट्रेडर्स से नमकीन का एक नमूना संग्रहित किया गया।

दूसरी ओर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और सय्यद इबादुल्लाह की टीम ने दादरी स्थित सुगन एग्रो फूड्स से सरसों के तेल का एक नमूना लिया।

इस प्रकार कुल चार नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा और मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने व्यापारियों को चेतावनी दी है कि मिलावट पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित