बिलासपुर , मार्च 18 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ मामलों में अब तक 310 से अधिक गैस सिलेंडर और उपकरण जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई शहर के मधुबन और दयालबंद क्षेत्र में मुक्तिधाम के पास छापेमारी के दौरान बुधवार को की गयी। छापेमारी के दौरान टीम को मौके से 14.2 किलो के सौ घरेलू गैस सिलेंडर और पांच किलो के 263 सिलेंडर बरामद हुए। इसके अलावा चूल्हा बर्नर, रेगुलेटर की आठ बोरियां, छह कार्टून, 25 खुले रेगुलेटर तथा 25 प्रेशर वॉल भी जब्त किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सारा सामान अवैध रूप से जमा कर कालाबाजारी के लिए रखा गया था।खाद्य विभाग ने मौके पर ही सभी सामग्री जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष अभियान के तहत अब तक आठ मामलों में 310 से अधिक सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि जिले की सभी 35 गैस एजेंसियों में एलपीजी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और केवल अधिकृत एजेंसियों से निर्धारित कीमत पर ही गैस प्राप्त करेंउन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे मामलों की जानकारी मिलने पर नागरिकों से तुरंत प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित