नयी दिल्ली , मार्च 17 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को गेहूं की औसत कीमत घट गयी। चावल का भाव गत दिवस के स्तर पर ही रहा। खाद्य तेलों और चीनी के दाम बढ़ गये जबकि दालों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 3,850 रुपये प्रति क्विंटल पर स्थिर रही। गेहूं नौ रुपये सस्ता हुआ और 2,803 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा भी आठ रुपये उतर गया।
दाल-दलहनों में उतार-चढ़ाव देखा गया। तुअर दाल की औसत कीमत 26 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। उड़द दाल भी 18 रुपये महंगी हुई। मसूर दाल की कीमत 45 रुपये और मूंग दाल की 18 रुपये टूट गयी। चना दाल भी आठ रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का जून वायदा 71 रिंगिट फिसलकर 4,583 रिंगिट प्रति टन पर आ गया। वहीं, मई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 2.60 प्रतिशत चढ़कर 65.65 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में पाम ऑयल की औसत कीमत 65 रुपये और सूरजमुखी तेल की 52 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। सोया तेल और सरसों तेल 26-26 रुपये महंगे हुए। मूंगफली तेल 25 रुपये और वनस्पति तीन रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 24 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। वहीं, मांग निकलने से चीनी तीन रुपये महंगी हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित