देहरादून , मार्च 28 -- खाड़ी एवं मध्य पूर्व एशिया के देशों में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के बीच उत्तराखण्ड सरकार ने वहां रह रहे राज्य के नागरिकों की सहायता के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। सरकार ने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ईरान, इजराइल और ओमान सहित अन्य देशों में निवासरत, कार्यरत या फंसे हुए उत्तराखण्ड के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष व्यवस्था की है।
इस क्रम में उत्तराखण्ड शासन ने विशेष सचिव, गृह निवेदिता कुकरेती को नोडल अधिकारी नामित किया है। वे भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराएंगी। साथ ही राज्य के विभिन्न जनपदों और विभागों के बीच भी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
सरकार की ओर से पुलिस मुख्यालय, देहरादून के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर 9411112792 और एक ई-मेल जारी किया गया है। इन माध्यमों पर संपर्क कर प्रभावित नागरिक या उनके परिजन सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित