जयपुर , फरवरी 20 -- राजस्थान के सीकर जिले में स्थित विश्वविख्यात तीर्थ खाटूश्यामजी मंदिर में 21 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाला फाल्गुनी मेले में इस वर्ष लगभग 35 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है जहां आस्था, अनुशासन और आधुनिक प्रबंधन का अद्भुत संगम बनेगा।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस, जिला प्रशासन और श्री श्याम मंदिर कमेटी, खाटूश्याम धाम ने आपसी समन्वय से सुरक्षा, यातायात, दर्शन व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं ताकि हर भक्त सुरक्षित, सहज और श्रद्धामय अनुभव के साथ बाबा के दरबार तक पहुंच सके। इस वर्ष की रणनीतियों में तकनीकी नवाचार और श्रद्धालुओं के प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया है।

पदयात्रियों की परंपरा को सम्मान देते हुए रिंगस से खाटू तक 17 किलोमीटर लंबा विशेष पैदल कॉरिडोर तैयार किया गया है। यह पैदल मार्ग पूरी तरह वाहनों से मुक्त रहेगा और अनधिकृत प्रवेश पर सख्त रोक रहेगी। पूरे रास्ते में पेयजल, प्रकाश, शौचालय और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध होंगी जबकि पुलिस बल की सतत निगरानी से सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। यह कॉरिडोर न केवल भीड़ के सुव्यवस्थित प्रवाह को बनाए रखेगा बल्कि पदयात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाएगा।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) वी के सिंह ने बताया कि मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से राजस्थान पुलिस ने पूरे क्षेत्र को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है वहीं पांच हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को तैनात किया गया है। प्रमुख बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता, अस्थायी चौकियां और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। पूरे मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजस्थान पुलिस के सोशल मीडिया यथा इंस्टाग्राम, फेसबुक एवं एक्स पर मेले से संबंधित समस्त प्रकार की सूचनाओं को प्रसारित किया जाएगा।

सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि मंदिर परिसर और प्रमुख प्रवेश द्वारों पर 44 डिजिटल एलईडी स्क्रीन स्थापित की गई हैं, जिन पर दर्शन की अनुमानित प्रतीक्षा अवधि, पार्किंग उपलब्धता, सुरक्षा निर्देश, आपातकालीन नंबर, आरती समय और मौसम अलर्ट प्रदर्शित होंगे। गुमशुदा व्यक्तियों और सामान की जानकारी भी लाइव प्रसारित की जाएगी। इसके साथ ही क्यूआर कोड आधारित मार्गदर्शन प्रणाली श्रद्धालुओं को आसान नेविगेशन में मदद करेगी।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मेला परिसर में 12 स्थानों पर पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं जो कि आपस में लेंडलाइन फोन और वायरलेस सुविधायुक्त रहेंगे। यहां पर श्रद्धालुओं को किसी भी तरह समस्या होने पर त्वरित सहायता मिलेगी। यहां पर किसी के परिजन अथवा सामान के खोने या पाने की स्थिति में भी सूचना दी जा सकेगी। यहां नियुक्त कार्मिक श्रद्धालुओं की जरूरत के अनुसार सूचना संप्रेषण में मदद करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित