ऋषिकेश , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के खांड गाँव (विस्थापित-03) में विकास कार्यों को धरातल पर उतारते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गुरुवार कोमुख्य मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। सांसद निधि से करीब 11.89 लाख रुपये की लागत से बनी इस सड़क का निर्माण पीसी और इंटरलॉकिंग टाइल्स के माध्यम से किया गया है, जिससे ग्रामीणों को अब सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने ढोल-दमाऊ और बैंड-बाजों के साथ सांसद का भव्य स्वागत किया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी, जिसके पूर्ण होने से अब लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

सांसद ने बताया कि खांड गाँव को राजस्व ग्राम घोषित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इसका लाभ स्थानीय निवासियों को मिलेगा। इसके साथ ही गांव के लोगों को मतदान अधिकार सहित अन्य सरकारी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित