ईटानगर , अप्रैल 09 -- अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और चार कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला ने राज्यपाल केटी परनायक से तवांग स्थित बुमला कॉटेज में अलग-अलग मुलाकात कर सुशासन, विकास और सुरक्षा से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की है।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के साथ बैठक में तवांग में आयोजित डिप्टी कमिश्नर्स सम्मेलन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। इसमें एजेंडा, अपेक्षित परिणामों तथा विकास को गति देने में जिला स्तर के प्रशासन की भूमिका पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया।
राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि यह विचार-विमर्श सार्थक और परिणामोन्मुख होगा तथा 'विकसित अरुणाचल' के लक्ष्य की दिशा में ठोस कदम सुनिश्चित करेगा। उन्होंने उपायुक्तों को सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए संतुलित और समावेशी विकास के लिए व्यावहारिक तथा जिला-विशिष्ट समाधान अपनाने पर जोर दिया। वह 10 अप्रैल को सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
दोनों नेताओं ने राज्य के समग्र विकास परिदृश्य की समीक्षा करते हुए प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान की, जिनमें बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करना, स्वास्थ्य, शिक्षा और ग्रामीण विकास में सेवा वितरण में सुधार, समयबद्ध परियोजना क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक कमियों को दूर करना शामिल है। भूमि प्रबंधन, रोजगार सृजन और क्षमता निर्माण जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गयी।
एक अलग बैठक में लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला ने राज्यपाल को सैनिकों के कल्याण, मनोबल और संचालनात्मक तैयारियों से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी तथा नागरिक प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के महत्व का उल्लेख किया।
राज्यपाल ने अरुणाचल प्रदेश में सशस्त्र बलों और स्थानीय समुदायों के बीच मजबूत संबंध बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने सेना और नागरिक प्रशासन के बीच निरंतर समन्वय को प्रोत्साहित करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके साथ ही, दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और जीवन स्तर में सुधार के लिए वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित किया।
एक अप्रैल को कमान संभालने वाले लेफ्टिनेंट जनरल शुक्ला ने उच्च संचालनात्मक तत्परता बनाए रखने और स्थानीय समुदायों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित