महासमुंद , मार्च 22 -- छत्तीसगढ़ में स्थित महासमुंद जिले के प्रसिद्ध खल्लारी मंदिर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब मंदिर परिसर में संचालित रोप-वे की ट्रॉली का केबल अचानक टूट गया। हादसे के समय ट्रॉली में कई श्रद्धालु सवार थे, जिससे ट्रॉली नीचे गिर गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में रायपुर निवासी एक युवती की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 17 से 18 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल, महासमुंद में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है वहीं गंभीर रूप से घायलों को रायपुर के एमएमआई अस्पताल लाया जा रहा है।
घटना के वक्त चैत्र नवरात्रि के चलते मंदिर में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। हादसे के बाद मंदिर प्रबंधन और पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जिससे स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच मुख्यमंत्री अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत कवर्धा और बलौदाबाजार दौरे पर रवाना हुए। कवर्धा में वे अवंति बाई की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि बलौदाबाजार में गोंडवाना समाज के आदर्श विवाह समारोह में भाग लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित