श्रीनगर , अगस्त 04 -- खालिन जोशी ने श्रीनगर के खूबसूरत रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में खेले जा रहे 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि वाले जे एंड के ओपन 2026 के शुरुआती राउंड में आठ-अंडर 63 का स्कोर करके बढ़त बना ली। बेंगलुरु के 33 वर्षीय गोल्फर ने सोच-समझकर खेलते हुए नौ बर्डी और 17वें होल पर एक बोगी के साथ दो-शॉट की बढ़त हासिल की।
चंडीगढ़ के अजीतेश संधू और गुरुग्राम के नए खिलाड़ी हरमन सचदेवा ने छह-अंडर 65 का समान स्कोर करके संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया।
एशियन टूर के पूर्व विजेता खलिन जोशी ने अप्रैल में विशाखापत्तनम में आंध्र ओपन में मिली जीत के बाद सीज़न के दूसरे भाग की शानदार शुरुआत की। उनके राउंड में दो 'चिप-इन' खास रहे। उन्होंने 'पार-थ्री' के तीसरे होल पर ग्रीन के बाईं ओर से सीधे कप में शॉट डाला और फिर 15वें ग्रीन के पास से भी चिप-इन किया।
जोशी के साथ खेल रहे अजीतेश संधू ने आठ बर्डी और दो बोगी के साथ अपना राउंड पूरा किया। 37 साल के खिलाड़ी ने थोड़ी अनिश्चित शुरुआत की, लेकिन मुश्किल चौथे होल पर चार फ़ीट की दूरी से 'बर्डी' लगाने के बाद वे अपनी लय में आ गए। लंबे समय के बाद श्रीनगर में अपना पहला कॉम्पिटिटिव राउंड खेलते हुए, संधू ने रॉयल स्प्रिंग्स में वापसी का भी आनंद लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित