बेंगलुरु , सितंबर 22 -- खलिन जोशी ने करियर का सर्वश्रेष्ठ और बोगी-मुक्त 11-अंडर 61 का स्कोर बनाकर कर्नाटक गोल्फ एसोसिएशन (केजीए) में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले बेंगलुरु ओपन 2026 पावर्ड बाय इंडियनऑयल के शुरुआती राउंड के बाद चार शॉट की बढ़त हासिल की।

अपने घरेलू कोर्स पर खेल रहे बेंगलुरु के 34 वर्षीय जोशी ने टूर्नामेंट के पांचवें संस्करण में शानदार शुरुआत करते हुए पार-5 के 11वें होल पर एक ईगल और नौ बर्डी लगाईं।

जोशी पिछले सप्ताह नवा रायपुर ओपन के रूप में सत्र का अपना तीसरा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई खिताब जीतकर बेंगलुरु पहुंचे हैं। उन्होंने सप्ताह की शुरुआत रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में सातवें स्थान से की।

स्थानीय युवा खिलाड़ी मनोज एस ने भी बोगी-मुक्त प्रदर्शन करते हुए सात बर्डी की मदद से सात-अंडर 65 का स्कोर बनाया। अठारह वर्षीय मनोज, जो सत्र की रैंकिंग में 31वें स्थान पर हैं, जोशी से चार शॉट पीछे दूसरे स्थान पर हैं।

दिल्ली के 23 वर्षीय शौर्य भट्टाचार्य ने आठ बर्डी और दो बोगी की मदद से छह-अंडर 66 का स्कोर बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने टूर्नामेंट की शुरुआत सत्र की रैंकिंग में 17वें स्थान से की।

बेंगलुरु के मारी मुथु आर., श्रीलंका के एन. थंगराजा, ग्रेटर नोएडा के मौजूदा रेस टू डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप शीर्ष खिलाड़ी सप्तक तलवार और दिल्ली के पूर्व एशियन टूर विजेता हिम्मत सिंह राय पांच- अंडर 67 के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं।

इकतालीस वर्षीय मारी मुथु ने छह बर्डी और एक बोगी बनाई, जबकि 45 वर्षीय थंगराजा ने पांच बर्डी के साथ बोगी-मुक्त राउंड खेला। अगले सप्ताह जापान में एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले तलवार ने सात बर्डी और दो बोगी दर्ज कीं। हिम्मत ने आठ बर्डी की मदद से एक बोगी और एक डबल बोगी से हुए नुकसान की भरपाई की।

छह खिलाड़ी चार-अंडर 68 के साथ संयुक्त आठवें स्थान पर हैं। इनमें गुरुग्राम के वीर अहलावत, कोलकाता के सुनीत चौरसिया, दक्षिण अफ्रीका के गेरहार्डस जैकोबस पेप्लर, पुणे के गुरकी शेरगिल, कपूरथला के युवराज सिंह और गुरुग्राम के सौरव राठी शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित