रायपुर , फरवरी 08 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर जिले के खरोरा निवासी नयन वर्मा का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महत्वाकांक्षी शैक्षणिक संवाद कार्यक्रम 'परीक्षा पे चर्चा' के लिए किया गया है। हाल ही में नया रायपुर में आयोजित इस विशेष संवाद सत्र में छत्तीसगढ़ के कुल 22 विद्यार्थियों को शामिल होने का अवसर मिला, जिनमें नयन वर्मा भी प्रमुख रूप से शामिल रहे।

नयन वर्मा वर्तमान में रायपुर स्थित कृष्णा पब्लिक स्कूल, डुंडा, कमल विहार में कक्षा 8वीं के छात्र हैं। कम उम्र में इस राष्ट्रीय स्तर के मंच पर चयनित होकर उन्होंने न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे खरोरा क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

नयन, खरोरा के सुप्रसिद्ध गीतकार, संगीतकार एवं गायक चंद्रभूषण वर्मा के पुत्र हैं। चंद्रभूषण वर्मा स्वयं राष्ट्रपति सम्मान से अलंकृत स्व. गोविंद राम वर्मा के सुपुत्र हैं। वहीं नयन वर्मा, छत्तीसगढ़ के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पूर्णेन्द्र वर्मा के भतीजे भी हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि शिक्षा, कला और खेल-तीनों क्षेत्रों की समृद्ध विरासत उनके परिवार में रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित