जगदलपुर , अप्रैल 28 -- छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आज कृषि उत्पादन आयुक्त शहला निगार ने खरीफ 2026 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए नियमित निरीक्षण व सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने रबी 2025 की समीक्षा एवं खरीफ 2026 की तैयारी बैठक में कहा कि किसानों की मांग के अनुरूप बीज, उर्वरक और फसल ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित नई वितरण प्रणाली के तहत समय पर उर्वरक प्रदाय किया जाए।

निगार ने अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के विकल्प के रूप में हरी खाद, नील हरित काई और जैव उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा इनके लिए आवश्यक इनपुट उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में पशुपालन, कुक्कुटपालन, सूकरपालन, बकरापालन, मत्स्यपालन और उद्यानिकी जैसे आनुषांगिक क्षेत्रों में भी किसान क्रेडिट कार्ड की पहुंच बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही नियद नेल्लानार क्षेत्रों में विभिन्न योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभार्थी कवरेज पर बल देते हुए सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने और विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।

बैठक के दौरान बस्तर संभाग में लघु सिंचाई साधनों की उपलब्धता के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान समृद्धि योजना और सौर सुजला योजना के क्रियान्वयन तथा सिंचाई पंपों के विद्युतीकरण की समीक्षा भी की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित