चंडीगढ़ , जून 16 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कृषि अधिकारियों को खरीफ फसलों के लिए रासायनिक खादों का सुचारु वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में श्री राणा ने बताया कि 60 प्रतिशत खाद हैफेड के जरिए पैक्स को भेजी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निजी डीलरों पर निगरानी रखने और खाद की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
श्री राणा ने कहा कि खाद का वितरण 'मेरी फसल मेरा ब्यौरा' पोर्टल के आंकड़ों के आधार पर किया जाये, ताकि केवल पात्र किसानों को ही लाभ मिले। साथ ही निजी डीलरों द्वारा खाद के साथ अन्य सामान की जबरन बिक्री रोकने के लिए नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिये गये।
बैठक में 'खेत बचाओ' और 'प्राकृतिक खेती' अभियानों की भी समीक्षा की गयी। मंत्री ने अधिकारियों से किसानों को देशी गाय के गोबर से बनी खाद और जीवामृत के लाभों के बारे में जागरूक करने तथा 30 जून तक निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने से रासायनिक खादों का अत्यधिक उपयोग कम होगा, खाद्यान्न की गुणवत्ता सुधरेगी और लोगों के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित