चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फसल खरीद को लेकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी मंडियों में सुचारु, पारदर्शी और परेशानी मुक्त खरीद सुनिश्चित कर रही है तथा किसानों की उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मंडियों में नोडल अधिकारी नियुक्त किये गये हैं और वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय किसानों को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता था और उचित सुविधाएं नहीं मिलती थीं।
सरकार की तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सरसों और गेहूं की खरीद सुचारू रूप से जारी है। सरसों की खरीद 28 मार्च से शुरू होकर हजारों टन तक पहुंच चुकी है, जबकि गेहूं की खरीद एक अप्रैल से जारी है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत सीधे खातों में भुगतान किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित