मुंबई , जून 25 -- महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने भिवंडी इलाके में ऑन लाइन सामान बेचने वाली कंपनी अमेज़न के एक खुदरा गोदाम से लगभग डेढ़ टन ऐसा खाने- पीने का सामान जब्त किया है, जिनकी मियाद निकल चुकी थी। इस कार्रवाई के दौरान एक ऐसे रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है, जिसके तहत खराब हो चुके सामान को फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए नष्ट हुआ दिखाकर वापस बाजार में बिकने के लिए भेज दिया जाता था।

स्थानीय समाजवादी पार्टी विधायक रईस शेख के इस मुद्दे को उठाये जाने के बाद की गयी इस कार्रवाई में अमेज़न के एक अधिकारी सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह मामला हाल ही में भिवंडी के खंडपाड़ा इलाके में हुई एक घटना के बाद चर्चा में आया, जहां लगभग 120 लोग खराब खाना खाने से बीमार हो गये थे।

महाराष्ट्र विधानमंडल के जारी मानसून सत्र के दौरान विधायक शेख ने भिवंडी के गोदामों से खराब हो चुके खाद्य उत्पादों को दोबारा बाजार में बेचे जाने पर गंभीर चिंता जताते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की थी।

बुधवार को अधिकारी अरविंद कोडलेकर के नेतृत्व में एफडीए टीम ने सरावली गांव इलाके में स्थित अमेज़न के खुदरा गोदाम पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को वहां लगभग डेढ़ टन ऐसे खाद्य उत्पाद जमा मिले जो खराब हो चुके थे।

विधायक रईस शेख ने कहा, " भिवंडी में कई बड़ी कंपनियों के गोदाम हैं। खराब हो चुके खाद्य उत्पादों को नियमानुसार नष्ट करने के बजाय, बिना किसी आधिकारिक रिकॉर्ड के अवैध रूप से वापस बाजार में बेचा जा रहा है। यह गरीब की सेहत के लिए एक गंभीर खतरा है।" सरकार को इस रैकेट के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

प्राथमिकी के अनुसार, अमेज़न ने खराब खाद्य उत्पादों के निपटान के लिए आर.के. ट्रेडर्स को ठेका दिया था। वह कंपनी कथित तौर पर इस तरह के काम के लिए पंजीकृत नहीं थी। आर.के. ट्रेडर्स ने फर्जी प्रमाणपत्र जारी कर झूठा दावा किया कि खराब सामान को नष्ट कर दिया गया है। सामान को नष्ट करने के बजाय, दोनों कंपनियों के अधिकारियों ने कथित तौर पर साजिश रची, इसे आधिकारिक रिकॉर्ड से हटाया और अवैध मुनाफा कमाने के लिए इसे दोबारा बिक्री के लिए बाजार में भेज दिया।

इन जानकारियों के आधार पर कोंगांव पुलिस थाने में आर.के. ट्रेडर्स के के. रहमान और अमेज़न के पश्चिमी क्षेत्र के अधिकारी सोमेश्वर कोन्नूर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पिछले दो दिनों में एफडीए के अधिकारियों ने भिवंडी में आठ गोदामों पर छापेमारी की है, जिसमें लगभग 45 लाख रुपये मूल्य के खराब खाद्य उत्पाद जब्त किये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित