रायगढ़ , मई 14 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित खरसिया थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक कार को पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए दिल्ली से बरामद कर लिया है, जिसकी जानकारी गुरुवार को पुलिस ने दी।

इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से कार मैकेनिक बताया जा रहा है। आरोपी ने पहले से योजना बनाकर डुप्लीकेट चाबी तैयार की और वाहन चोरी कर उसकी नंबर प्लेट बदल दी थी।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संदीप कुमार ने 06 मई को चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कार क्रमांक सीजी 04 एमटी 7666 घर के सामने से चोरी हो गई है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें वाहन एक होटल की ओर जाते हुए दिखाई दिया। होटल स्टाफ से पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस आरोपी मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसका मोबाइल लोकेशन दिल्ली में पाया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वाहन मालिक ने नवंबर 2025 में अपनी दुर्घटनाग्रस्त कार की मरम्मत दिल्ली में कराई थी, जिसके आधार पर जांच को महत्वपूर्ण दिशा मिली। इसके बाद पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई और तीन दिन की तलाश के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले से डुप्लीकेट चाबी तैयार कर रखी थी और जीपीएस जानकारी के आधार पर खरसिया पहुंचकर कार चोरी की थी। आरोपी ने नंबर प्लेट बदलकर दिल्ली की प्लेट लगाने की बात भी कबूल की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित