नागौर , जुलाई 21 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा है कि नागौर जिले के खरनाल में लोकदेवता तेजाजी महाराज के पैनोरमा निर्माण के प्रथम चरण के लिए दो करोड़ रुपए स्वीकृत राशि से शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जायेगा।

श्रीमती दिया कुमारी ने मंगलवार को नागौर जिले के मारवाड़ मूण्डवा में वीर तेजा महिला बीपीएड महाविद्यालय भवन का लोकार्पण किया तथा संस्थान परिसर में आयोजित 'उमंग समारोह' में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह पैनोरमा वीर तेजाजी महाराज के जीवन, आदर्शों और लोक आस्था को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को नयी पहचान देगा।

उन्होंने वीर तेजा महिला शिक्षण एवं शोध संस्थान, तेजास्थली में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि नए महाविद्यालय भवन के शुरू होने से बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने संस्थान द्वारा बालिका शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में दिए जा रहे प्रशिक्षण विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होंगे। उन्होंने सभी समाज से भी आह्वान किया कि सभी लोग आपसी सहयोग से बेटियों के लिए बेहतर शैक्षणिक और सामाजिक वातावरण तैयार करें, ताकि छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिल सकें।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री सुमित गोदारा, राजस्थान किसान आयोग तथा वीर तेजाजी संस्थान के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, संस्थान के संरक्षक माधवदास मोदी, कार्यकारी अध्यक्ष संजीव डांगावास, समाजसेवी दिनेश तरड़, बजरंग दास जी महाराज, विधायक रेवंतराम डांगा , लक्ष्मण राम कलरु , पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, मोहनराम चौधरी सहित अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित